11 से 14 नवंबर तक राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित होंगे कार्यक्रम
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर उपायुक्त डॉ ताराचंद ने की बैठक, दिये निर्देश
जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा : राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने, भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती और आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम को लेकर आयोजित होनेवाले विभिन्न कार्यक्रमों के रूपरेखा तैयार करने हेतु शनिवार कोआवश्यक बैठक उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित हुई। बैठक में उपायुक्त द्वारा सभी जिला स्तरीय व प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारियों को जानकारी दी गई कि राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होनेवाले हैं और इस अवसर पर 11 से 14 नवंबर तक Jharkhand@25 अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के उपरांत कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। राज्य स्तर पर आयोजित होनेवाले कार्यक्रम में जिला का प्रतिनिधित्व होगा। जिला स्तर पर विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन भी किया जाएगा।
18 नवंबर से 12 दिसंबर तक सभी पंचायतों में लगाये जाएंगे शिविर
"आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार" कार्यक्रम का आयोजन 18 नवंबर से 12 दिसंबर 2025 तक किया जाएगा। इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए आवेदन प्राप्त किये जाएंगे और आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण आदि के आवेदन प्राप्त किये जाएंगे व वितरण भी किया जाएगा। 29 नवंबर को वर्तमान राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विभिन्न विभागों से नियुक्ति पत्र का वितरण भी किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों व प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारियों को उपरोक्त कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु आवश्यक तैयारियां करने, जनप्रतिनिधियों व आमजनों को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल किये जाने हेतु प्रचार-प्रसार व अपील करने के निर्देश दिये।
बैठक में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप, अनुमण्डल पदाधिकारी अमित कुमार समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी व वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।


एक टिप्पणी भेजें