स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का हुआ शुभारंभ



महिलाओं के स्वास्थ्य सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम

जागता झारखंड ब्यूरो गोड्डा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ बुधवार को गोड्डा जिला अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सह रेफरल अस्पताल महागामा में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य नगमा आरा के करकमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाना, समय पर स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना, तथा परिवार की समग्र स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा, जिसमें विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं जैसे नि:शुल्क जांच, दवा वितरण, पोषण परामर्श, और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. खालिद अंजुम, याहया सिद्दिकी, मुन्ना राजा समेत अस्पताल के कई कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य नगमा आरा ने कहा स्वस्थ महिला ही एक सशक्त परिवार की नींव होती है। ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. खालिद अंजुम ने जानकारी दी कि इस अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना प्राथमिक लक्ष्य है। उन्होंने सभी महिलाओं से इस अभियान का भरपूर लाभ उठाने की अपील की।

Post a Comment

और नया पुराने