लोहरदगा में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, गांव में मातम

 

जागता झारखंड संवाददाता सनाउल्लाह अंसारी


: लोहरदगा जिले में मंगलवार की शाम एक दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब ओपा गांव निवासी सुजीत राम (28 वर्ष), पिता स्वर्गीय सरोज राम, की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सुजीत राम एक सप्ताह पहले ही काम से घर लौटे थे। घटना के दिन वे मछली पकड़ने के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया, बादल गरजने लगे और तेज चमक के बीच उन पर बिजली गिर गई। घटना स्थल पर ही वे गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के परिजनों की हालत रो-रोकर खराब है और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। प्रशासन से ग्रामीणों ने आपदा राहत नियमों के तहत मुआवजा दिलाने की मांग की है।स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए किसानों और ग्रामीणों को गरज-चमक वाले मौसम में खेत, खलिहान या खुले स्थानों पर जाने से बचने के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है।

Post a Comment

और नया पुराने