जागता झारखंड संवाददाता सनाउल्लाह अंसारी लोहरदगा
: लोहरदगा में सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस लगातार सतर्क है। शुक्रवार को थाना प्रभारी के निर्देश पर शंख नदी के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवारों की सघन जांच की। अभियान का मुख्य उद्देश्य शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नियंत्रण करना और सड़क पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करना था। पुलिस ने मौके पर कई वाहनों को रोका और चालकों की जांच की, लेकिन इस दौरान किसी भी व्यक्ति के शराब सेवन की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि, अभियान के दौरान कई दोपहिया चालकों को बिना हेलमेट गाड़ी चलाते पाया गया। पुलिस ने उन्हें नियमों की अनदेखी पर सख्त चेतावनी दी और भविष्य में हेलमेट पहनकर सुरक्षित वाहन चलाने की हिदायत दी। थाना प्रभारी ने इस अवसर पर लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर खुद की सुरक्षा और दूसरों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विशेष रूप से दोपहिया चालकों से हेलमेट पहनने की आदत डालने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की सलाह दी। पुलिस का यह अभियान लोगों में जागरूकता बढ़ाने और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
एक टिप्पणी भेजें