घाघरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में पिता की मौत, पांच बच्चे हुए अनाथ



जागता झारखंड संवाददाता बजरंग कुमार महतो घाघरा ,गुमला : घाघरा थाना क्षेत्र के देवाकी मोड़ के पास शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें इटकीरी नावाडीह के निवासी प्रकाश उरांव (35 वर्ष) की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, प्रकाश दोपहर 2 बजे अपने मामा के घर करमा बासी मानने देवाकी गए थे। शाम 7 बजे वह पैदल अपने घर नावाडीह लौट रहा था कि अचानक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई । आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया।


पांच बच्चे हुए अनाथ, परिवार की स्थिति दयनीय


प्रकाश के निधन से उनके परिवार पर गहरा संकट छा गया है। प्रकाश के कुल सात बच्चे थे, जिनमें से दो बच्चों को उनकी पत्नी दो साल पहले लेकर चली गई थी। इसके चलते प्रकाश अपने पांच बच्चों की पूरी देखभाल करते थे। उनकी मौत के बाद ये पांच बच्चे अनाथ हो गए हैं। न इनके दादा-दादी हैं और न कोई अन्य परिवारिक सहारा। पिता के बिना बच्चों की हालत अत्यंत खराब है और उनका पालन-पोषण अब सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।


बच्चों की आपबीती और चुनौतीपूर्ण भविष्य


सबसे बड़ी बेटी सोनाली 10 वर्ष की है जबकि सबसे छोटी बच्ची की उम्र मात्र 4 वर्ष है। निराश बच्चों का कहना है कि अब वे अपने पिता की ममता और संरक्षण से वंचित हो गए हैं और उनकी रोजमर्रा की आवश्यकताओं की पूर्ति करना मुश्किल हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, भोजन और रहने की व्यवस्था करना उनके परिवार के लिए बेहद कठिन हो गया है। अनाथ बच्चे हताश होकर कहते हैं, आब हमीनकर पालन पोषण के करी।

Post a Comment

और नया पुराने