जागता झारखंड नरेंद्र कुमार ब्यूरो लातेहार चंदवा : टोरी जंक्शन रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग को लेकर किसानों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने कफन और गिरगिट का नाटक मंचन कर सरकार व नेताओं की नीतियों और वादाखिलाफी पर करारा व्यंग किया। किसानों ने नाटक मंचन के माध्यम से यह संदेश दिया कि रेलवे फाटक पर जाम में फंसी एम्बुलेंस और मरीजों की जान रोज जोखिम में पड़ रही है। वहीं गिरगिट का प्रतीक यह दर्शाता है कि नेता चुनाव के समय वादा करते हैं लेकिन जीतने के बाद रंग बदलकर जनता को भूल जाते हैं । किसानों का कहना है कि टोरी रेलवे क्रॉसिंग 24 घंटे में 12 घंटे से अधिक बंद रहती है, जिससे हर घंटे जाम और कई बार जिंदगी-मौत का सवाल खड़ा हो जाता है। शिलान्यास 3 अप्रैल 2021 को ₹43 करोड़ की लागत से हुआ था। चार साल बाद भी फ्लाईओवर का निर्माण आरंभ नहीं हो पाया। नए प्राक्कलन में लागत ₹119 करोड़ हो गई है लेकिन टेंडर तक जारी नहीं हुआ। फुट ओवरब्रिज और अंडरपास का निर्माण भी अधूरा पड़ा है। किसानों ने कहा कि यहां की जनता दशकों से जाम, हादसों और लाचार जिंदगी झेल रही है । इस मौके पर किसान नेता अयुब खान के नेतृत्व में स्टेशन अधीक्षक और अंचल निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें फ्लाईओवर का काम जल्द शुरू करने, बंद पड़े फुट ओवरब्रिज को चालू करने, अंडरपास बनाने और सड़क निर्माण की मांग की गई। साथ ही नई एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन और स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने पर बल दिया गया। प्रदर्शन में सैकड़ों ग्रामीण महिला-पुरुष शामिल हुए और सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग की।
टोरी जंक्शन : रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग को लेकर किसानों का अनोखा विरोध
Jagta jharkhand
0



एक टिप्पणी भेजें