जागता झारखंड नरेंद्र कुमार ब्यूरो लातेहार : चंदवा। लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड में शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक गंभीर समस्या सामने आई है। प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों को चंदवा आकर स्वयं अपनी साइकिलें लेनी पड़ रही हैं। यह स्थिति बच्चों की पढ़ाई और मध्यान्ह भोजन योजना दोनों पर प्रतिकूल असर डाल रही है। आज राजकीय मध्य विद्यालय चंदवा में उत्क्रमित मध्य विद्यालय के कई बच्चे साइकिल लेने पहुंचे थे। बच्चों का कहना है कि साइकिल वितरण की इस प्रक्रिया के कारण उनकी पढ़ाई बाधित हुई। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय में उपस्थित न होने से उन्हें मध्यान्ह भोजन भी नहीं मिल पाया, जबकि यह योजना बच्चों के पोषण और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रारंभ की गई थी।
बच्चों और शिक्षकों दोनों के लिए यह व्यवस्था मुश्किलें खड़ी कर रही है। सामान्यतः साइकिलें विद्यालय स्तर पर ही बच्चों को उपलब्ध कराई जाती हैं ताकि वे आसानी से स्कूल जा सकें और शिक्षा के प्रति उनकी रुचि बनी रहे। लेकिन क्लस्टर स्तर पर भी बच्चों को साइकिल लेने के लिए नहीं बुलाया जा रहा है। प्रखंड मुख्यालय बुलाने से छात्रों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे न सिर्फ पढ़ाई का समय बर्बाद हो रहा है बल्कि छोटे बच्चों को असुविधा और थकान का भी सामना करना पड़ता है।
इस संबंध में जब प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से मोबाइल पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि साइकिलों को क्लस्टर स्तर पर ही वितरित करने का निर्देश दिया गया है। हालांकि, इस व्यवस्था से बच्चों की पढ़ाई और मध्यान्ह भोजन जैसी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। ऐसे में अभिभावकों और स्थानीय लोगों का मानना है कि शासन-प्रशासन को इस दिशा में शीघ्र ठोस कदम उठाना चाहिए, ताकि साइकिल वितरण की प्रक्रिया विद्यालय परिसर में ही सुनिश्चित की जा सके। इससे बच्चों की सुविधा, शिक्षा और पोषण – तीनों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।


एक टिप्पणी भेजें