जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा
:झारखंड में नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़ी सफलता तब मिली जब पुलिस और 32वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने कुख्यात जेजेएमपी उग्रवादी कलेश्वर खेरवार को गिरफ्तार कर लिया। लोहरदगा जिले के ब्राह्मणडीहा गांव से पकड़े गए कलेश्वर की गिरफ्तारी के पीछे पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को मिली गुप्त सूचना अहम रही। उनके निर्देश पर एसडीपीओ किस्को वेदांत शंकर के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया और छापेमारी कर उसे धर दबोचा गया। कलेश्वर खेरवार पूर्व में भाकपा माओवादी संगठन से जुड़ा था। वर्ष 2017 में उसने आत्मसमर्पण किया था, लेकिन कुछ समय बाद वह फिर सक्रिय होकर जेजेएमपी संगठन से जा मिला। हाल ही में 26 जून 2025 को पेशरार और किस्को थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में उसकी संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश और तेज कर दी। गिरफ्तारी के समय पुलिस ने उसके पास से ब्लू रंग का स्मार्टफोन, सिम कार्ड, एक बैग, डायरी और नक्सली पर्चे बरामद किए। पुलिस पूछताछ में कलेश्वर ने संगठन से जुड़े अन्य उग्रवादियों की जानकारी दी है। इन सुरागों के आधार पर पुलिस ने अगले चरण के लिए अभियान और तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से जेजेएमपी संगठन की सक्रियता पर बड़ा प्रहार हुआ है। फिलहाल गिरफ्तार कलेश्वर खेरवार को न्यायिक हिरासत में लोहरदगा जेल भेज दिया गया है।
एक टिप्पणी भेजें