जन वितरण प्रणाली की दुकानों पर आयुष्मान कार्ड बनवाने हेतु विशेष शिविर शुरु : डॉ. ताराचंद

  जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा


: आमजन की सुविधा को देखते हुए उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने बड़ा निर्णय लिया है। अब जिले के सभी जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों पर आयुष्मान भारत कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए विशेष कैंप का आयोजन 2 सितंबर 2025 से प्रतिदिन सुबह 10 बजे से किया जाएगा। यह पहल तब तक जारी रहेगी जब तक जिले के प्रत्येक राशन कार्डधारी परिवार आयुष्मान योजना से आच्छादित नहीं हो जाते।


डॉ. ताराचंद ने बताया कि जिन परिवारों का राशन कार्ड तो बना हुआ है, लेकिन वे अभी तक आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के अंतर्गत कवर नहीं हुए हैं, वे इस विशेष शिविर में अपने और अपने परिवारजनों का आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवा लें। इस व्यवस्था से लोगों को इधर-उधर भागने की आवश्यकता नहीं होगी और उन्हें अपने गाँव-क्षेत्र की पीडीएस दुकान पर ही यह सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।


उन्होंने स्पष्ट किया कि आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए लाभुक को राशन कार्ड और आधार कार्ड की छायाप्रति साथ में लानी होगी। इसके अलावा मूल दस्तावेज भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा, जिससे बायोमेट्रिक सत्यापन आसानी से हो सके। शिविर में उपस्थित वीएलई (विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर) के माध्यम से लाभुक का पहचान सत्यापन किया जाएगा और तत्पश्चात उसका आयुष्मान कार्ड तैयार हो जाएगा।


उपायुक्त ने यह भी अपील की है कि जो भी लाभुक सितंबर माह का राशन लेने के लिए अपने पीडीएस दुकान जाएँ, वे उसी समय परिवार के सदस्यों के साथ शिविर में संपर्क कर अपना आयुष्मान कार्ड भी बनवा लें। इस प्रकार एक ही स्थान पर राशन वितरण और आयुष्मान पंजीकरण की सुविधा से आमजन का समय और श्रम दोनों की बचत होगी।


गौरतलब है कि आयुष्मान भारत योजना देश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना है, जिसके अंतर्गत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक की वार्षिक निःशुल्क इलाज सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। योजना का मूल उद्देश्य गरीब एवं वंचित वर्ग के परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज से आर्थिक रूप से असुरक्षित होने से बचाना है।


डॉ. ताराचंद के अनुसार इस शिविर का संचालन तब तक चलेगा, जब तक एक भी पात्र राशन कार्डधारी परिवार छूट न जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, जन वितरण प्रणाली संचालकों और प्रशासनिक अधिकारियों से भी अपील की कि वे इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

Post a Comment

और नया पुराने