पारसिमला पंचायत स्थित आंगनबाड़ी नर्सरी स्कूल केंद्र बागनल–2 का निरीक्षण - अलका तिवारी

जागता झारखंड दुमका ब्यूरो


: मुख्य सचिव अलका तिवारी ने शनिवार को सदर प्रखंड के पारसिमला पंचायत स्थित आंगनबाड़ी नर्सरी स्कूल केंद्र बागनल–2 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली, बच्चों को मिल रही सुविधाओं तथा उपलब्ध उपकरणों की स्थिति की जानकारी ली। आंगनबाड़ी सेविका जेसबीन हेंब्रम ने उन्हें बताया कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल फोन से नियमित रूप से डेटा अपलोड किया जाता है और बच्चों का वजन वेइंग मशीन से जांचा जाता है। साथ ही पोषाहार सहित अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण समय पर सुनिश्चित किया जाता है।निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उनके बीच चॉकलेट वितरित किए। बच्चों ने कविता, अंग्रेजी के अक्षरों का पाठ और सवालों के जवाब देकर अपनी सीखने की क्षमता भी प्रदर्शित की। इसके उपरांत मुख्य सचिव ने गोद भराई एवं अन्न प्राशन कार्यक्रम में हिस्सा लिया और पोषण वाटिका में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण व पोषण सुरक्षा का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने जिले में बनाए गए मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों की जानकारी दी। मुख्य सचिव का स्वागत पारंपरिक रीति-रिवाज के तहत लोटा पानी से किया गया। मौके पर पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार, उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान, डीएफओ सात्विक व्यास, समाज कल्याण पदाधिकारी अंजू कुमारी सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने