जागता झारखंड धनबाद ब्यूरो जितेंद्र चौधरी : बाघमारा। ईस्ट बसूरिया ओपी क्षेत्र अंतर्गत लिब्रा आउटसोर्सिंग में रविवार को कोयला काटने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक चाल धंसने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान छोटू भूईया के रूप में हुई है। वहीं घायलों में पूजा कुमारी और बाघा भूईया शामिल हैं। दोनों को इलाज के लिए धनबाद एसएनएमएमसीएच रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आउटसोर्सिंग परियोजना क्षेत्र में कुछ लोग कोयला काटने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक चाल धंस गया और लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही ईस्ट बसूरिया ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
धनबाद जिला परिषद सदस्य इजराफिल लाल ने इस दुर्घटना के लिए आउटसोर्सिंग कंपनियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संचालित कंपनियां सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रही हैं, जिसके कारण आए दिन मजदूरों की जान खतरे में पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि बाघमारा और आसपास के क्षेत्रों में चाल धंसने की घटनाएं आम होती जा रही हैं, जिससे मजदूरों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कंपनियां और प्रशासन सुरक्षा उपाय नहीं करेंगे तो ऐसे हादसे भविष्य में और भी भयावह रूप ले सकते हैं।



एक टिप्पणी भेजें