झरिया विधायक रागिनी सिंह ने नगर आयुक्त से उठाई जनसमस्याएँ, समाधान का मिला आश्वासन


जागता झारखंड धनबाद ब्यूरो जितेंद्र चौधरी झरिया।
झरिया विधायक सह जनता श्रमिक संघ की महामंत्री श्रीमती रागिनी सिंह शुक्रवार को नगर आयुक्त रवि राज शर्मा से मिलीं। इस दौरान उन्होंने झरिया क्षेत्र की कई गंभीर जन समस्याओं से नगर आयुक्त को अवगत कराया।

बैठक में मुख्य मुद्दा घर-घर कचरा उठाने वाली रेमकी कंपनी के सफाई कर्मियों का वेतन था। विधायक ने बताया कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं दिया जाता है और अधिकारियों का उनके प्रति रवैया भी अभद्र रहता है। उन्होंने कहा कि ये सफाई कर्मी शहर की स्वच्छता में अहम योगदान देते हैं, फिर भी उनके साथ अन्याय हो रहा है। नगर आयुक्त ने इस पर कार्रवाई का भरोसा दिया।

इसके अलावा झरिया में लंबे समय से बनी पानी की समस्या, जर्जर सड़क और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। विधायक ने भूलन बरारी में लगाए गए तीन मोटरों को तुरंत शुरू करने का आग्रह किया ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिले। उन्होंने नगर आयुक्त से दुर्गा पूजा से पूर्व सभी स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने तथा बरसात के बाद आठ करोड़ की लागत से प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने की भी मांग रखी।नगर आयुक्त रवि राज शर्मा ने विधायक को आश्वस्त किया कि सभी मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई होगी और जल्द ही समाधान किया जाएगा।वहीं, विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि यदि समस्याओं का समय पर समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन का सहारा लेंगी।बैठक में संतोष सिंह, के. डी. पांडेय, संजय यादव, छोटू सिंह समेत कई पदाधिकारी और मजदूर उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने