दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन के लिए दिए सख्त निर्देश


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में आज नया नगर भवन, लोहरदगा में दुर्गा पूजा-2026 के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिले के सभी प्रखंडों से आए शांति समिति के सदस्यों, पूजा समितियों से जुड़े प्रतिनिधियों, जिला स्तरीय पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ पूजा आयोजन की तैयारियों, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक निर्देश दिए गए।उपायुक्त ने कहा कि दुर्गा पूजा-2026 के सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर सभी आवश्यक बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं और जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। पूजा समितियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को पूर्व में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं पूजा समितियों को निर्देश दिया कि निर्धारित मानकों एवं SOP का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।

पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पूजा पंडालों के निर्माण में नायलॉन के कपड़े का इस्तेमाल नहीं किया जाए। विद्युतीय कनेक्शन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। आगजनी की स्थिति में त्वरित बचाव के लिए प्रत्येक पूजा पंडाल में बाल्टी में बालू एवं कार्यशील Fire Extinguisher की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे संबंधित पूजा पंडालों में Fire Extinguisher की उपलब्धता एवं उसकी कार्यशील स्थिति का प्रमाण पत्र प्राप्त करें। वहीं, कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल को निर्देश दिया गया कि पूजा पंडालों में विद्युतीय कनेक्शन SOP के अनुरूप है या नहीं, इसका प्रमाण पत्र प्राप्त करें। अस्थायी विद्युत कनेक्शन के लिए प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

CCTV, अलग प्रवेश-निकास एवं कतार व्यवस्था सुनिश्चित हो

उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया कि पूजा पंडालों में CCTV कैमरे अनिवार्य रूप से अधिष्ठापित किए जाएं तथा उनके फुटेज का एक स्थान पर डिस्प्ले एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की व्यवस्था हो। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पंडाल में प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएं।उन्होंने पूजा पंडालों में Public Address System की व्यवस्था रखने तथा श्रद्धालुओं एवं आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंडालों के आसपास वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त एवं उपयुक्त स्थान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वोलेंटियर्स को पहचान पत्र एवं ड्रेस कोड देने का निर्देश

उपायुक्त ने कहा कि भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के अनुश्रवण के लिए पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में वोलेंटियर्स की प्रतिनियुक्ति की जाए। सभी वोलेंटियर्स को पहचान पत्र एवं निर्धारित ड्रेस कोड दिया जाए। वोलेंटियर्स की सूची संबंधित थाना में भी उपलब्ध रहे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनसे समन्वय स्थापित किया जा सके।

सोशल मीडिया पर अफवाहों के प्रसार पर रखें विशेष निगरानी

उपायुक्त ने कहा कि WhatsApp, X, Facebook, Instagram अथवा किसी अन्य सोशल मीडिया माध्यम से किसी घटना की सूचना मिलने या किसी प्रकार का गलत/भ्रामक संदेश प्रसारित होने की स्थिति में लोग स्वयं उसे आगे प्रसारित न करें, बल्कि इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारी को दें। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया।

निर्धारित रूट एवं समय पर ही हो प्रतिमा विसर्जन

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रतिमा विसर्जन पूर्व निर्धारित रूट एवं निर्धारित समय के अनुसार ही किया जाए। पूर्व में निर्धारित तिथि एवं समय में अंतिम समय पर बदलाव नहीं किया जाए। डांडिया, रावण दहन अथवा किसी अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन से पूर्व प्रशासन को इसकी सूचना अनिवार्य रूप से दी जाए।उन्होंने प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशेष सावधानी बरतने का निर्देश देते हुए सभी BDO एवं CO को ग्रामीण क्षेत्रों तथा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को शहरी क्षेत्र में संबंधित जलाशय, नदी एवं तालाबों में Danger Zone चिन्हित करने एवं पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, विसर्जन में प्रयुक्त होने वाले वाहनों की स्थिति की भी जांच करने को कहा।उपायुक्त ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को अपने-अपने स्तर से विशेष चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया।

पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं रैफ की होगी तैनाती : पुलिस अधीक्षक

पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं रैफ कंपनियों की तैनाती की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस बल की भी मांग की गई है। जोन, थाना एवं जिला स्तर पर बैठकें आयोजित कर पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।उन्होंने कहा कि सभी समुदाय आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। लाइसेंसी एवं गैर-लाइसेंसी सभी पूजा समितियों को निर्धारित SOP का पालन करना होगा। डीजे के संचालन के संबंध में SOP का अक्षरशः पालन किया जाए तथा केवल निर्धारित/अनुमोदित गाने ही बजाए जाएं।पुलिस अधीक्षक ने सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर समय से उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की गलत अथवा भ्रामक सामग्री का प्रसार नहीं करने की अपील की।उन्होंने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान जहां रूट डायवर्सन, नो-एंट्री अथवा बैरिकेडिंग की आवश्यकता हो, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। सभी थाना प्रभारी अपने थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग को और अधिक प्रभावी बनाएं। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए शांति समिति के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं से जिला प्रशासन को अवगत कराया। सदस्यों ने अपने-अपने प्रखंड क्षेत्रों में दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन में जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।बैठक में उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, परियोजना निदेशक ITDA सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, पुलिस उपाधीक्षक समीर तिर्की, सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, सभी थाना प्रभारी, जिला परिषद सदस्य किस्को संदीप कुमार सहित जिला स्तरीय शांति समिति के सम्मानित सदस्य उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने