जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कृषि, मत्स्य, भूमि संरक्षण समेत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने एवं योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा
बैठक में सर्वप्रथम जिले में वर्षापात की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने छूटे हुए प्रखंडों में वर्षापात मापक यंत्र की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।खरीफ-2026 के तहत धान, मक्का एवं मोटे अनाज के लक्ष्य एवं आच्छादन तथा बीज वितरण की समीक्षा की गई। संकर धान के निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति नहीं होने पर उपायुक्त ने असंतोष व्यक्त करते हुए लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही बिरसा फसल विस्तार योजना 2026-27 के तहत फसल प्रत्यक्षण की भी समीक्षा की गई।केसीसी 2026-27 की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने रबी फसल के लिए केसीसी आवेदन प्राप्त करने हेतु अक्टूबर माह में शिविर आयोजित करने तथा अधिक से अधिक आवेदन सृजित कराने का निर्देश दिया।
मृदा जांच एवं मृदा स्वास्थ्य पर विशेष जोर
पीपीपी मोड पर संचालित मिट्टी जांच प्रयोगशाला में इस वर्ष निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध सैंपल कलेक्शन एवं जांच की स्थिति की समीक्षा की गई। लक्ष्य के अनुरूप प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उपायुक्त ने जिला कृषि पदाधिकारी को सैंपल कलेक्शन बढ़ाने तथा प्राप्त नमूनों की जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया।मृदा स्वास्थ्य एवं फर्टिलिटी योजना के तहत कृषि विज्ञान केंद्र में मिट्टी के नमूनों की जांच की भी समीक्षा की गई। लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि असंतोषजनक पाए जाने पर मिट्टी के नमूनों की जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
कृषि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आवेदन सृजन का निर्देश
बैठक में फसल सुरक्षा योजना 2026-27 एवं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा वास्तविक रूप से योग्य किसानों को योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया। साथ ही अधिक से अधिक योग्य लाभुकों के आवेदन सृजित कराने को कहा।झारखंड मिलेट मिशन योजना 2026-27 के अंतर्गत प्राप्त लक्ष्य एवं उपलब्धि की समीक्षा करते हुए प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।वहीं पीएम कुसुम योजना 2025-26 के अंतर्गत अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने, डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने तथा मिशन ऑफ आत्मनिर्भरता ऑफ पल्सेज (NFSNM) के अंतर्गत उड़द एवं अरहर के सीड किट तथा मिनी किट वितरण की भी समीक्षा की गई।
एग्रीक्लीनिक सेंटर को निर्धारित सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश
उपायुक्त ने एग्रीक्लीनिक सेंटर, लोहरदगा के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसी को निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही मृदा जांच के लिए प्राप्त नमूनों की शत-प्रतिशत जांच सुनिश्चित करने को कहा।
मत्स्य एवं भूमि संरक्षण विभाग की योजनाओं की समीक्षा
मत्स्य विभाग के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में संचालित विभिन्न मत्स्य पालन योजनाओं, वेद आवास योजना, मत्स्य विपणन योजना एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई।उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन तालाबों का जीर्णोद्धार किया गया है, उन्हें लक्ष्य बनाकर उनसे संबद्ध मत्स्यपालकों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।वहीं भूमि संरक्षण विभाग की मुख्यमंत्री ट्रैक्टर (बड़ा) वितरण योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अधिक से अधिक आवेदन सृजित कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने बीटीएम/एटीएम के माध्यम से योग्य किसानों को चिन्हित कर उनके आवेदन सृजित कराने को कहा।बैठक में उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, जिला कृषि पदाधिकारी कालेन खलखो, जिला गव्य विकास पदाधिकारी वशिष्ठ सिंह, जिला पशुपालन पदाधिकारी रमेश उरांव, जिला मत्स्य पदाधिकारी प्रीसेती भार्गवी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी महितोष पाण्डेय, जिला उद्यान पदाधिकारी, संबंधित बीटीएम/एटीएम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


एक टिप्पणी भेजें