जागता झारखंड संवाददाता पाकुड़िया: पाकुड़ केंद्र सरकार द्वारा लाए गए एम एम डी आर कानून के विरोध में जनजागरण अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पर्यवेक्षक सह झामुमो केंद्रीय कमेटी सदस्य उपासना मरांडी ने किया। शुक्रवार को ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उपासना मरांडी ने कहा कि केंद्र सरकार के इस कानून से राज्य सरकार को आर्थिक क्षति होने की आशंका है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव झारखंड की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि मंईयां सम्मान योजना, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन सहित कई योजनाएं सीधे आम जनता के हित से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के अधिकार और हितों की रक्षा के लिए जनता को जागरूक और एकजुट होना होगा। एम एम डी आर कानून के खिलाफ लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जनजागरण अभियान और धरना-प्रदर्शन को मजबूत करने की जरूरत है।उपासना मरांडी ने ग्रामीणों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि 7 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय, पाकुड़िया में आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी एकजुटता और लोकतांत्रिक विरोध दर्ज कराएं।
जनजागरण अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “केंद्र सरकार होश में आओ” और “काला कानून वापस लो” जैसे नारे लगाए। मौके पर विश्वजीत दास, सूरज रविदास, सोयलेन मुर्मू, फूलोमीना हेंब्रम प, प्रश्नजीत दास, गांव के ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद थे।


एक टिप्पणी भेजें