खनिज अधिकारों पर कांग्रेस का हल्लाबोल, 7 सितंबर को रांची में विराट प्रदर्शन


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा: झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के आर्थिक अधिकारों को सीमित करने वाले MMDR Amendment Act, 2026 के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह लोहरदगा प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने लोहरदगा में प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि झारखंड की खनिज संपदा पर पहला और न्यायसंगत अधिकार राज्य की जनता का है।उन्होंने बताया कि 7 सितंबर को राज्यपाल के समक्ष रांची में विराट रैली एवं प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 9 से 16 सितंबर तक सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत मंत्री, विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष और पार्टी के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे।आलोक कुमार दूबे ने कहा कि झारखंड कोई खनिज कॉलोनी नहीं है। खनन से विस्थापन, प्रदूषण, जंगलों की क्षति और जलस्रोतों पर दबाव का सबसे अधिक असर राज्य को झेलना पड़ता है। उन्होंने MMDR Amendment Act की धारा 9D को राज्यों की वित्तीय स्वायत्तता और संघीय ढांचे से जुड़ा गंभीर विषय बताया।उन्होंने कहा कि खनिज बाहर जाएगा, मुनाफा बाहर जाएगा और यदि राजस्व अधिकार भी सीमित कर दिए जाएंगे तो झारखंड के हिस्से में क्या बचेगा। उन्होंने राजनीतिक चंदे में पारदर्शिता का मुद्दा भी उठाया और केंद्र सरकार से जवाब मांगा।जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि लोहरदगा से विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, सांसद सुखदेव भगत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता 7 सितंबर को रांची पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि 9 से 16 सितंबर तक प्रखंडों में होने वाले आंदोलन को सफल बनाया जाएगा। प्रेस कांफ्रेंस में संदीप कुमार गुप्ता, प्रकाश उरांव, संतोष कुमार महतो और मुजम्मिल अंसारी समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने