26 साल से सड़क निर्माण का इंतजार, ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:
लोहरदगा/कुडू। कुडू प्रखंड के चांपी-धौरा सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को सड़क पर उतरकर श्रमदान किया। कुंदगड़ा एवं आसपास के ग्रामीणों ने अपने निजी खर्च से जेसीबी चलवाकर सड़क पर मिट्टी और मोरम डालकर गड्ढों को भरने का काम किया। बरसात के कारण सड़क की स्थिति और भी जर्जर हो गई है, जिससे आवागमन में लोगों को भारी परेशानी हो रही है।ग्रामीणों के अनुसार उक्त सड़क का निर्माण बिहार सरकार के समय हुआ था और करीब 26 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है। लंबे समय से मांग के बावजूद सड़क का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। आखिरकार ग्रामीणों ने स्वयं सड़क की मरम्मत का बीड़ा उठाया।श्रमदान में अशोक लाल, मोहन महतो, राजेश महतो, पिंकू बाबू, वाल्मीकि महतो, रोशन अग्रवाल, पंचम महतो, संजय महतो, लखन राम, उज्ज्वल अग्रवाल, पंचम लाल, आदित्य साहू, सुरेंद्र महतो, संतु महतो, भोला सिंह सहित अन्य ग्रामीण शामिल हुए।पिंकू बाबू ने कहा कि जिला मुख्यालय से महज 15-20 किलोमीटर दूर सड़क की ऐसी स्थिति विकास की तस्वीर बताती है। रोशन अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की दिशा में पहल करने की मांग की। पंचम लाल ने कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।सामाजिक विचार मंच के संयोजक कवलजीत सिंह ने कहा कि सितंबर के बाद ग्रामीणों को साथ लेकर जोरदार आंदोलन किया जाएगा। वहीं युवाओं ने कहा कि उनकी उम्र 25 वर्ष हो गई, लेकिन उन्होंने अपने गांव के सामने सड़क बनते नहीं देखी। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शीघ्र सड़क निर्माण की मांग की है।

Post a Comment

और नया पुराने