झामुमो का जनजागरण अभियान तेज, विभिन्न पंचायतोंबी के ग्रामीणों से किया संपर्क ,7 सितंबर के धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील


जागता झारखंड संवाददाता मो सलाहउद्दीन बलियापुर धनबाद:
एमएमडीआर विधेयक के विरोध में आगामी 7 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा चलाए जा रहे जनजागरण अभियान के तहत रविवार को बलियापुर प्रखंड की बिरसिंहपुर एवं भिखराजपुर पंचायत में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष हैदर अली के नेतृत्व में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उन्हें एमएमडीआर विधेयक से जुड़े मुद्दों की जानकारी देते हुए धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि झारखंड की जल, जंगल, जमीन एवं खनिज संपदा से जुड़े अधिकारों की रक्षा के लिए लोगों को एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष हैदर अली ने कहा कि गांव-गांव तक जनजागरण अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है और 7 सितंबर के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटे हैं। उन्होंने आम ग्रामीणों से बड़ी संख्या में प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। अभियान में योगेश्वर मांझी, अब्दुल कादिर, मो. अकबर, महालाल मुर्मू समेत दर्जनों झामुमो समर्थक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि जनहित और झारखंड के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर गांव-गांव जनजागरण का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

और नया पुराने