झारखंड के हक पर चोट’ का आरोप, एमएमडीआर बिल के खिलाफ झामुमो ने फूंका बिगुल; 7 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय घेरने की तैयारी, एमएमडीआर बिल के खिलाफ झामुमो का जनजागरण अभियान तेज, 7 सितंबर को महेशपुर में धरना-प्रदर्शन


जागता झारखंड संवाददाता महेशपुर:
 एमएमडीआर बिल 2026 के विरोध में झामुमो का जनजागरण अभियान महेशपुर प्रखंड में लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में रोलाग्राम, पथरिया, तेलियापोखर, बड़कियारी एवं सीतारामपुर पंचायत के विभिन्न गांवों में बैठक आयोजित कर ग्रामीणों को बिल के संभावित प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही 7 सितंबर को महेशपुर प्रखंड मुख्यालय में प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की गई। रोलाग्राम पंचायत के महेशगढ़िया गांव में आयोजित बैठक में पर्यवेक्षक सह सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम एवं जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां ने ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अपने हक और अधिकार से जुड़े मुद्दों पर ग्रामीणों का जागरूक और एकजुट रहना जरूरी है। झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के एमएमडीआर अमेंडमेंट एक्ट 2026 से झारखंड के हितों और राज्य में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। नेताओं ने कहा कि मैया सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना और गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना सहित अन्य योजनाओं पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से 7 सितंबर को महेशपुर प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। पथरिया पंचायत में पर्यवेक्षक सह प्रखंड उपाध्यक्ष मैईनुद्दीन अंसारी एवं राजू अंसारी के नेतृत्व में विभिन्न गांवों में बैठकें हुईं। बैठकों में एमएमडीआर बिल के खिलाफ चलाए जा रहे जनजागरण अभियान की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।तेलियापोखर पंचायत के चांदपुर गांव में पर्यवेक्षक कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम एवं शिवानी टुडू ने पंचायत अध्यक्ष साइमन मुर्मू के साथ ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान एमएमडीआर बिल के साथ-साथ झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों और राज्य के हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिल के प्रावधानों और उसके संभावित प्रभावों को लेकर गांव-गांव लोगों को जागरूक किया जा रहा है। वहीं सीतारामपुर एवं बड़कियारी पंचायत में पर्यवेक्षक सह अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रूहुल अमीन, मैईनुद्दीन अंसारी, आलम अंसारी एवं मृणाल हांसदा ने ग्रामीणों के साथ बैठक की। इस दौरान 7 सितंबर के प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।झामुमो नेताओं ने स्पष्ट किया कि एमएमडीआर बिल को लेकर ग्रामीणों के बीच लगातार जनजागरण अभियान चलाया जाएगा और झारखंड के हितों से जुड़े मुद्दों पर लोगों को एकजुट किया जाएगा। बैठकों में प्रधान संजय किस्कू, अनिल मुर्मू, दुखिया राय सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने