जागता झारखंड संवाददाता शिकारीपाड़ा (दुमका):
मुहर्रम के पावन अवसर पर भारतीय एकता ट्रस्ट, शिकारीपाड़ा द्वारा रविवार को न्यू स्टार टीवीएस शोरूम परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराना तथा युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना था।
शिविर में क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 27 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्त संग्रह का कार्य ग्लोकल ब्लड सेंटर की चिकित्सकीय टीम द्वारा सभी स्वास्थ्य मानकों का पालन करते हुए किया गया।
भारतीय एकता ट्रस्ट के अध्यक्ष आफ़ताब अंसारी ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया तथा उनके इस मानवीय योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि "रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में सहायक होता है। मुहर्रम हमें त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देता है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए लोगों ने रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई है।"
उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी स्वयंसेवकों, सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों, चिकित्सकों, ग्लोकल ब्लड सेंटर की पूरी टीम एवं प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने समाज के लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी जरूरतमंद को रक्त के अभाव में जीवन न गंवाना पड़े, इसके लिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं का उत्साह देखने योग्य था। शिविर में रक्तदाताओं के लिए स्वास्थ्य जांच, अल्पाहार एवं आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई थी। अंत में ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सभी आगंतुकों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित एवं मानव सेवा के कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।


एक टिप्पणी भेजें