पीड़िता ने इंटर स्टेट माइग्रेंट वर्कर यूनियन कार्यालय पहुंचकर अपनी व्यथा सुनाई,यूनियन हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया
जागता झारखंड दुमका ब्यूरो:
आज रविवार को इंटर स्टेट माइग्रेंट वर्कर यूनियन, दुमका (झारखंड) के मुख्यालय में एक अत्यंत दुखद एवं संवेदनशील मामला सामने आया। ग्राम खिजुरिया, थाना नगर, जिला दुमका निवासी जुलेखा बीबी ने यूनियन कार्यालय पहुंचकर अपनी व्यथा सुनाई। उन्होंने बताया कि उनके पति अज़ीज़ अंसारी को अधिक मजदूरी एवं बेहतर कमाई का लालच देकर मेट मुस्ताक अंसारी, पिता – आजाद मियां, ग्राम – हथियापाथर, थाना – टोंगरा, जिला – दुमका (झारखंड) द्वारा दिनांक 13/05/2026 को कार्य कराने के लिए लेह-लद्दाख ले जाया गया था।
पीड़िता के अनुसार, दिनांक 26/05/2026 को अचानक उन्हें अपने पति की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई। यह दुखद समाचार मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक के छोटे-छोटे बच्चे अपने पिता की मृत्यु की खबर सुनकर रोने-बिलखने लगे तथा पत्नी जुलेखा बीबी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। किसी प्रकार स्वयं को संभालने के बाद उन्होंने मेट मुस्ताक अंसारी से अपने पति के शव को घर लाने की व्यवस्था करने की गुहार लगाई, किन्तु आरोप है कि मेट द्वारा इस संबंध में कोई सहयोग नहीं किया गया तथा साफ इनकार कर दिया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही इंटर स्टेट माइग्रेंट वर्कर यूनियन ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता एवं न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। यूनियन के प्रतिनिधियों ने पीड़ित महिला को आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु थाना नगर, दुमका जाने की सलाह दी तथा संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच, मृतक के शव को परिजनों तक पहुंचाने एवं पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
यूनियन ने कहा कि यदि मामले में शीघ्र एवं संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन जिला प्रशासन एवं जिला उपायुक्त से मुलाकात कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा। संगठन ने यह भी कहा कि प्रवासी मजदूरों के साथ किसी भी प्रकार का शोषण, लापरवाही या अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित कराने हेतु हरसंभव प्रयास किया जाएगा।




एक टिप्पणी भेजें