मईया सम्मान सत्यापन में सुधार की मांग: लोहरदगा नगर कांग्रेस ने DC को सौंपा ज्ञापन

जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा 


नगर कांग्रेस लोहरदगा के प्रतिनिधिमंडल द्वारा उपायुक्त लोहरदगा को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के अंतर्गत चल रहे भौतिक सत्यापन प्रक्रिया में सुधार एवं वार्डवार शिविर आयोजित कराने की मांग की गई।ज्ञापन में कहा गया कि दिनांक 13/05/2026 को नगर परिषद क्षेत्र के 6 वार्डों के लाभुकों का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें लगभग 1150 आवेदन ही जमा हो सके। जबकि अनुमानित रूप से लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र में 10 से 12 हजार मईया सम्मान योजना के लाभार्थी निवास करते हैं। ऐसे में यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि बड़ी संख्या में लाभुक महिलाएं सत्यापन प्रक्रिया से वंचित रह जा रही हैं।नगर कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से उपायुक्त महोदय का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया कि सत्यापन केंद्र दूर होने एवं नगर परिषद द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं किए जाने के कारण कई महिलाओं को समय पर जानकारी नहीं मिल सकी। वहीं एक ही स्थान पर कई वार्डों का सत्यापन होने से महिलाओं को भारी भीड़ एवं परेशानियों का सामना करना पड़ा।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सत्यापन प्रक्रिया के दौरान संबंधित विभाग एवं नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति देखने को नहीं मिली, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता को लेकर भी आमजन के बीच सवाल उत्पन्न हो रहे हैं।नगर कांग्रेस ने मांग की है कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी 23 वार्डों में अलग-अलग शिविर लगाकर संबंधित वार्ड क्षेत्र में ही भौतिक सत्यापन कराया जाए तथा व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र लाभुक योजना के लाभ से वंचित न रह सके।

Post a Comment

और नया पुराने