किस्को में मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन 02 मई को ,प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के साथ उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने किया स्थल निरीक्षण

मुख्य अतिथि होंगीं न्यायमूर्ति श्रीमती अनुभा रावत चौधरी, न्यायाधीश झारखंड उच्च न्यायालय


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:डालसा लोहरदगा की ओर से मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर-सह-पर्यावरण जागरूकता अभियान कार्यक्रम का आयोजन 02 मई 2026 को किस्को प्रखण्ड कार्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा।इस विधिक जागरूकता शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी, न्यायाधीश झारखंड उच्च न्यायालय सह प्रशासनिक न्यायाधीश लोहरदगा न्यायमंडल शामिल होंगीं।इस कार्यक्रम की आवश्यक तैयारियों को लेकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण आज प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजकमल मिश्रा, उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने किया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने 02 मई को आयोजित होनेवाले कार्यक्रम की संपूर्ण जानकारी जिला के प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ साझा की और आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की।

उपायुक्त ने दिये पदाधिकारियों को निर्देश

उपायुक्त ने प्रखण्ड कार्यालय में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सभी पदाधिकारियों कार्यक्रम की तैयारियों हेतु आवश्यक निर्देश दिये और बिना किसी चूक के कार्यक्रम संपन्न कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करें। इस शिविर में विधिक जागरूकता और पर्यावरण जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस कार्यक्रम में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित परिसंपत्तियों का भी वितरण किया जाएगा। परिसर में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के लिए विभिन्न विभागों; कृषि, जेएसएलपीएस, उद्यान, के.वी.के. किस्को, बाल विकास परियोजना, शिक्षा विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता, आपूर्ति, राजस्व, आवास योजनाओं, मनरेगा, स्वास्थ्य विभाग, बैंक, पशुपालन, भूमि संरक्षण, मत्स्य, समाज कल्याण विभाग के स्टॉल भी लगाए जायेंगें। 

अलौदी नया टोली का भी निरीक्षण

उपायुक्त के नेतृत्व में जिला प्रशासन लोहरदगा की टीम ने सेन्हा प्रखंड के अलौदी पंचायत के अलौदी नयाटोली का निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त ने ग्रामीण कार्य विभाग को कार्यक्रम स्थल तक के पथ की मरम्मति का निर्देश दिया। साथ ही ग्रामीणों से बातचीत कर गांव में चापाकल व अन्य मूलभूत सुविधाएं दिए जाने की बात कही। साथ ही, पीएचईडी, शिक्षा, आवास योजना, अंचल कार्यालय आदि से किये जा रहे कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। निरीक्षण में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष डालसा श्री राजकमल मिश्रा, एडीजे-1 श्री स्वयंभू, सीजीएम श्री केके मिश्रा, सिविल जज सीनियर डिवीजन श्री रोहित कुमार, श्री मनोरंजन कुमार सचिव डालसा, रजिस्ट्रार व्यवहार न्यायालय श्री अमित कुमार गुप्ता व पीएलवी मौजूद थे। वहीं जिला प्रशासन की ओर से अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग सहित वरीय पदाधिकारीगण, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी समेत अन्य उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने