जागता झारखंड पाकुड़ ममता जयसवाल: हजारीबाग झामुमो के वरीय जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 13 वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस जघन्य अपराध में भाजपा नेता सह बूथ अध्यक्ष भीम राम का नाम सामने आया है, जो पूरे समाज और इंसानियत को शर्मसार करने वाला है।
चौबे ने कहा कि घटना के बाद इसे लेकर साजिश रची गई और राज्य सरकार को बदनाम करने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी द्वारा पुलिस को गुमराह कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास भी किया गया। हालांकि, राज्य पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया, जिसकी उन्होंने सराहना की। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा द्वारा पहले इस मामले में आंदोलन कर दोषी को फांसी देने की मांग की जा रही थी, लेकिन अब जब आरोपी के रूप में उनके ही नेता का नाम सामने आया है, तो पार्टी चुप्पी साधे हुए है।
झामुमो नेता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों, विशेषकर आदिवासी और मूलवासी समुदायों के हित में काम कर रही है। उन्होंने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी देने की मांग दोहराई।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष पीटर मरांडी, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह, रामसिंह टुडू, लखन हेम्ब्रम, मोबारक हुसैन समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें