घायल छोटू कुमार यादव
प्रतिनिधि, जागता झारखंड, सीवान (बिहार): जिले में भाजपा नेता और पूर्व एमएलसी मनोज कुमार सिंह के भांजे की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी छोटू कुमार यादव को एक मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए पटना रेफर किया गया है।वारदात की शुरुआत बुधवार शाम करीब 6:30 बजे गाड़ी पार्किंग को लेकर हुए एक मामूली विवाद से हुई थी, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान छोटू कुमार यादव ने हथियार निकालकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें हर्ष कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में हर्ष के पिता चंदन कुमार सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार अभी जारी है और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी, जिसमें अनुमंडल पदाधिकारी अजय कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि इस वारदात में उसके साथ तीन अन्य लोग भी शामिल थे। आरोपी की निशानदेही पर जब पुलिस उसे हथियार बरामद करने के लिए हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव लेकर पहुंची, तो उसने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पुलिस पर पांच राउंड गोलियां चलाईं।जवाबी कार्रवाई और आत्मरक्षा में पुलिस ने भी तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें दो गोलियां आरोपी के दोनों घुटनों में लगीं और वह निहत्था होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे कब्जे में लेकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे पटना भेज दिया गया। फिलहाल जिला पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में सघन छापेमारी कर रही है और अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



एक टिप्पणी भेजें