जागता झारखंड दुमका ब्यूरो : इंटर स्टेट माइग्रेट वर्कर यूनियन, दुमका के बैनर तले रामगढ़ प्रखंड के सरोता गांव में एक आम सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में यूनियन के अध्यक्ष मो. जाकिर अंसारी, महासचिव पनेसाल टुडू, उपाध्यक्ष रामानंद यादव, मंत्री मनोज राय, एडवोकेट खुर्शीद अनवर, जिला प्रभारी वकील मरांडी,केंद्रीय सदस्य प्रधान सोरेन, प्रखंड प्रभारी मनवेल सोरेन, ग्राम प्रधान सहित सैकड़ों मजदूर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मो. जाकिर अंसारी ने कहा कि सीमा सड़क संगठन (BRO) में दुमका (झारखण्ड) के हजारों मजदूरों को बिचौलियों के माध्यम से बिना पंजीकरण के भर्ती किया जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि यूनियन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बिना पंजीकरण भर्ती के खिलाफ न्यायालय में याचिका दायर करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजदूरों के साथ होने वाला किसी भी प्रकार का शोषण अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि प्रवासी मजदूर देश के विकास की रीढ़ हैं और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए यूनियन हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध है। मजदूरों की मेहनत का उचित सम्मान और उनका हक दिलाने के लिए संगठन लगातार अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।
मंत्री मनोज राय ने सरकार द्वारा मजदूरों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और मजदूरों से अपील की कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाएं।
सभा में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से मनवेल सोरेन को रामगढ़ प्रखंड का प्रभारी नियुक्त किया गया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि रामगढ़ प्रखंड के प्रत्येक गांव तक यूनियन का विस्तार किया जाएगा तथा अधिक से अधिक मजदूरों को संगठन से जोड़ा जाएगा, ताकि मजदूरों की आवाज को और मजबूती मिल सके।
सभा के अंत में सभी मजदूरों ने एकजुट होकर मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।


एक टिप्पणी भेजें