इंसानियत की मिसाल: भारतीय एकता ट्रस्ट ने तीन यतीम बहनों के निकाह में निभाई सामाजिक जिम्मेदारी



जागता झारखंड संवाददाता शिकारीपाड़ा (दुमका): समाज सेवा एवं मानवीय मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए भारतीय एकता ट्रस्ट ने शिकारीपाड़ा प्रखंड के दुधानी और झुनकी तथा काठीकुंड प्रखंड के कदरछला कदमा गांव में तीन अलग-अलग यतीम बहनों के निकाह में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

ट्रस्ट द्वारा इन जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता की गई, जिससे उनके लिए निकाह की प्रक्रिया को सरल एवं सम्मानजनक बनाया जा सका। इस पहल ने न केवल संबंधित परिवारों को राहत पहुंचाई, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी दिया है।

ट्रस्ट के चेयरमैन आफताब अंसारी ने इस अवसर पर कहा कि “भारतीय एकता ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के कमजोर, असहाय एवं वंचित वर्ग के साथ खड़े रहना है। विशेषकर यतीम बेटियों के निकाह को आसान बनाना हमारी प्राथमिकता है, ताकि कोई भी बेटी केवल संसाधनों की कमी के कारण अपने जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव से वंचित न रह जाए।”

उन्होंने आगे बताया कि संस्था भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं मानवीय कार्यों को निरंतर जारी रखेगी तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास करेगी।

इस पुनीत कार्य में ट्रस्ट के सभी सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं का उल्लेखनीय योगदान रहा। स्थानीय ग्रामीणों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने ट्रस्ट की इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया और अन्य सामाजिक संगठनों से भी इस दिशा में आगे आने की अपील की।

Post a Comment

और नया पुराने