जागता झारखंड संवाददाता विक्की कुमार चैनपुर/गुमला
चैनपुर : प्रखंड के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा के अथक प्रयासों और उनके द्वारा दिए गए ज्ञापन के बाद, अधिकारियों ने गुलाबगंज एवं सुग्गासरवा पुल के निर्माण कार्य को गति दे दी है। शनिवार को जिला परिषद सदस्य ने स्वयं निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान मेरी लकड़ा ने कार्यस्थल पर मौजूद कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मौके से ही संबंधित इंजीनियरों से दूरभाष पर संपर्क किया और कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च मानकों के साथ पूरा करें।मौके से ही जिला परिषद सदस्य ने संबंधित विभाग के इंजीनियर से फोन पर संपर्क किया। उन्होंने इंजीनियर को निर्देशित किया कि कार्य की निगरानी स्वयं करें और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराएं। जिला परिषद ने बताया कि अगले 2 से 3 महीने के भीतर दोनों पुलों का निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य है। पुल बन जाने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानियों से निजात मिलेगी। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी अन्य समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली।लंबे समय से अधर में लटके इन पुलों का काम शुरू होने से स्थानीय लोगों में भारी उत्साह है। ग्रामीणों ने जिला परिषद सदस्य की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि उनके हस्तक्षेप के बाद ही अधिकारियों ने इस दिशा में त्वरित कार्रवाई की है। जिला परिषद मेरी लकड़ा ने बताया कि हमारा उद्देश्य क्षेत्र का सर्वांगीण विकास है। गुलाबगंज और सुग्गासरवा पुल के बन जाने से ग्रामीणों को बरसात और सामान्य दिनों में आने-जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी। मैं स्वयं इस कार्य की प्रगति पर नजर बनाए रखूंगी।



एक टिप्पणी भेजें