2018 से लापता संजीता कुमारी की बरामदगी के लिए विशेष अभियान जारी
जागता झारखंड संवाददाता गुमला : पुलिस अधीक्षक, गुमला के निर्देश पर 23 अप्रैल 2026 को एक महत्वपूर्ण प्रेस विज्ञप्ति जारी कर लापता युवती संजीता कुमारी की तलाश हेतु जनसहयोग की अपील की गई है। यह युवती गुमला जिले के खोरा जामटोली निवासी है, जो अगस्त 2018 से लापता बताई जा रही है। उस समय उसकी उम्र लगभग 13 वर्ष थी, जो अब लगभग 21 वर्ष की हो चुकी है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार लापता होने के समय संजीता की लंबाई करीब 4 फीट थी, चेहरा गोल आकृति का था और वह पीले रंग का सूट पहने हुए दिखाई दी थी। इस मामले में AHTU थाना में कांड संख्या‑03/2020 दिनांक 06 फरवरी 2020 को भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 365, 367, 368, 370 एवं 371 के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है। पुलिस विभिन्न ठिकानों पर छानबीन एवं तकनीकी माध्यमों से निरंतर प्रयास कर रही है, किंतु अब तक पीड़िता का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
गुमला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को भी संजीता कुमारी के संबंध में कोई सूचना प्राप्त हो या वह कहीं दिखाई दे, तो उसे तुरंत पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गुमला या नीचे दिए गए संपर्क नंबरों पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और विश्वसनीय जानकारी देने पर ₹2,00,000 (दो लाख रुपये) का नकद इनाम घोषित किया गया है।
संपर्क विवरण –
पुलिस अधीक्षक, गुमला – 9431706376
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), गुमला – 9471182113
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गुमला – 9431706202
थाना प्रभारी, AHTU – 8986604606 / 8809624441
ई‑मेल – sp‑gumla@jhpolice.gov.in
पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से मानवता के नाते सहयोग करने का निवेदन किया है ताकि संजीता को शीघ्र बरामद कर उसके परिजनों से मिलाया जा सके।



एक टिप्पणी भेजें