हिसरी में ईद-उल-फितर का त्योहार सौहार्द, शांति और भाईचारे के संदेश के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया

 हिसरी जामा मस्जिद में अदा हुई ईद-उल-फितर की नमाज़, अमन-चैन की मांगी गई दुआ


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा: हिसरी, लोहरदगा शनिवार पवित्र रमज़ान महीने के समापन के बाद ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को हिसरी क्षेत्र में पूरे धार्मिक उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हिसरी जामा मस्जिद में ईद की नमाज़ शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में अदा की गई।

जामा मस्जिद में ईद-उल-फितर की नमाज़ सुबह 8:30 बजे इमाम हाफ़िज़ व क़ारी शाहज़ाद रज़ा की इमामत में अदा की गई। नमाज़ में क्षेत्र के सैकड़ों मुस्लिम श्रद्धालुओं ने भाग लिया और अल्लाह की बारगाह में सजदा कर मुल्क की तरक्की, अमन-शांति और भाईचारे के लिए दुआएँ मांगीं।

नमाज़ से पूर्व मस्जिद परिसर में तकबीरों की गूंज से पूरा वातावरण रूहानी हो उठा। नमाज़ के बाद इमाम शाहज़ाद रज़ा ने अपने ख़ुत्बे में रमज़ान के सबक, आपसी भाईचारा, इंसानियत और गरीब-मुसाफिरों की मदद करने की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि ईद के मौके पर समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करें।

ईद की नमाज़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे नमाज़ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकी। स्थानीय पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी से व्यवस्था बनाए रखने में काफी सहूलियत रही।

नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। मस्जिद परिसर और आसपास के इलाकों में दिन भर ईद की रौनक बनी रही।

Post a Comment

और नया पुराने