लोहरदगा में शनिवार को हर्षोल्लास से मनाई ईद उल फित्र

जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा



:
शनिवार को लोहरदगा जिले में हर्षोल्लास के साथ ईद उल फित्र का त्योहार मनाया गया। ईदगाह सहित जिले भर की मस्जिदों में भक्तों ने ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद सभी ने अल्लाह के दरबार में हाथ उठाकर अपने लिए, परिजनों के लिए तथा राज्य व देश के लिए शांति व समृद्धि की दुआएं मांगीं।शहरी क्षेत्र में ईदगाह में पहली जमात सुबह 8:30 बजे जामा मस्जिद के इमाम कारी शमीम आलम रिजवी की अगुवाई में अदा की गई। खिताब में उन्होंने कहा कि ईद आपसी प्रेम व भाईचारे का प्रतीक है। हमें कुरान व हदीसों के मार्ग पर चलना चाहिए। विधि-व्यवस्था के लिए सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रत्नेश मोहन ठाकुर सहित पुलिस बल तैनात रहा।लोहरदगा पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने भी ईदगाह में नमाज पढ़ी। उन्होंने अंजुमन इस्लामिया के सदर अब्दुल रऊफ अंसारी, सचिव शाहिद अहमद बेलू, मुज्जमिल अंसारी व अन्य पदाधिकारियों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। साथ ही, सरहुल की भी बधाई देते हुए जिले में सद्भावना की मिसाल कायम करने का आह्वान किया। अंजुमन पदाधिकारियों ने भी उपस्थितजनों को गले लगाकर त्योहार की शुभकामनाएं दीं।ईदगाह के बाद जामा मस्जिद व बेलाल मस्जिद को छोड़कर अन्य मस्जिदों में दूसरी जमात सुबह 8:45 बजे तथा जामा मस्जिद व बेलाल मस्जिद में तीसरी व अंतिम जमात 9:15 बजे पढ़ी गई। लोहरदगा मंडल कारा में सुबह 8 बजे मौलवी अब्दुल कलाम तैगी की इमामत में कैदियों ने नमाज अदा की।शहर में बच्चों व युवाओं में जबरदस्त उत्साह दिखा। मुहल्लों को आकर्षक सजावट दी गई। कई जगह सेवई पार्टी का आयोजन हुआ। मुस्लिम भाइयों ने एक-दूसरे को सेवईयां व पारंपरिक व्यंजन खिलाकर खुशियां बांटीं। ईद ने एक बार फिर भाईचारे का संदेश दिया।

Post a Comment

और नया पुराने