आधार की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता: उपायुक्त



जागता झारखंड संवाददाता पाकुड़:
उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आधार नामांकन एवं अद्यतन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नए आधार कार्ड निर्गत करने के दौरान सभी दस्तावेजों का गहन एवं सतर्कतापूर्वक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि आधार से जुड़ी किसी भी प्रकार की त्रुटि या फर्जीवाड़ा न केवल प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावित करता है, बल्कि वास्तविक लाभुकों के अधिकारों का भी हनन करता है।

फर्जीवाड़ा रोकने के लिए सख्त कदम

उपायुक्त ने आधार नामांकन एवं अद्यतन प्रक्रिया में रैंडम जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना आवश्यक दस्तावेज के किसी भी परिस्थिति में आधार अपडेट नहीं किया जाए तथा इस पर विशेष निगरानी रखी जाए।

बाल आधार के लिए विशेष अभियान

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक बच्चों का आधार नामांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले में बाल आधार कवरेज को बढ़ाया जा सके।

सुरक्षा एवं जागरूकता पर विशेष जोर

उपायुक्त ने कहा कि जिले में किसी भी परिस्थिति में फर्जी आधार कार्ड नहीं बनने चाहिए—यह सभी संबंधित पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजनों से अपील किया कि वे अपने आधार कार्ड को बायोमेट्रिक लॉक कर सुरक्षित रखें, ताकि किसी भी प्रकार के डाटा दुरुपयोग से बचा जा सके। साथ ही बैंकिंग लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतने एवं अनजान सीएसपी (CSP) केंद्रों से निकासी से बचने की सलाह दी, क्योंकि इससे धोखाधड़ी की संभावना रहती है।

बैंकों को भी सतर्क रहने के निर्देश


उपायुक्त ने सभी बैंकों को अलर्ट मोड में रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि आधार प्रणाली की पारदर्शिता, शुद्धता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक एवं पात्र लाभुकों तक समयबद्ध एवं सुचारू रूप से पहुँचाया जा सके। बैठक में सिविल सर्जन, मुख्यालय डीएसपी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, यूआईडी के सेक्शन आफिसर, डीपीओ यूआईडी, सीएसी मैनेजर समेत अन्य उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने