जागता झारखंड संवाददाता सनाउल्लाह अंसारी लोहरदगा :लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र के बंजार किस्को गांव में सरहुल बासी पर्व के दौरान एक दर्दनाक हादसे में शिबू लोहरा पिता स्वर्गीय कालीचरण लोहरा की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 2 बजे गांव के लोग सरहुल बासी पर्व के अवसर पर अखड़ा में पारंपरिक झूमर नृत्य और उत्सव मना रहे थे। इसी दौरान झूमर खेलने के बाद शिबू लोहरा अखड़ा से नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीढ़ी पर गिर पड़े, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई और उत्सव का माहौल मातम में बदल गया। मृतक अपने पीछे पत्नी मुनिया देवी और 11 वर्षीय मासूम बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि शिबू लोहरा मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और गांव के सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते थे। वहीं घटना की सूचना के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। शाम करीब 4 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दुखद घटना से गांव में गहरा शोक व्याप्त है और लोग मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।



एक टिप्पणी भेजें