जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:विश्व प्लंबर दिवस के अवसर पर उपायुक्त लोहरदगा के निर्देशानुसार जल जीवन मिशन के तहत पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल सभागार में जल महोत्सव पखवाड़ा का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पेयजलापूर्ति योजनाओं के बेहतर संचालन, रखरखाव, पेयजल संरक्षण एवं प्रबंधन में प्लंबर साथियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना तथा उनका सम्मान करना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, लोहरदगा के सहायक अभियंता ने उपस्थित प्लंबर साथियों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने जल महोत्सव पखवाड़ा के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी साझा की और कहा कि जल जीवन मिशन योजना के रखरखाव तथा मरम्मत में प्लंबर साथियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ये साथी ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के प्रमुख स्तंभ हैं।इसके बाद जिला समन्वयक एवं कनीय अभियंता ने जल जीवन मिशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह मिशन ग्रामीण परिवारों को नल-जल कनेक्शन प्रदान करने के साथ-साथ जल संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देता है। ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी सफलता प्लंबर साथियों के कुशल कार्य पर निर्भर करती है।कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पेयजलापूर्ति योजनाओं के रखरखाव हेतु चयनित 10 प्लंबर साथियों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी प्लंबर साथियों को 'प्लंबर किट' भी प्रदान की गई, जो योजनाओं के रखरखाव एवं निर्माण में उनकी सहायता करेगी।इस अवसर पर विभिन्न प्रखंडों से आए प्लंबर साथी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, सभी प्रखंड वॉश समन्वयक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। जल महोत्सव पखवाड़ा के माध्यम से जिले में जल संरक्षण, स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल के प्रति जनजागरूकता को और सुदृढ़ करने का संकल्प लिया गया। सभी ने मिलकर पेयजल प्रबंधन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।







एक टिप्पणी भेजें