लोहरदगा में विधायक प्रतिनिधि की नियुक्ति, डॉ. रामेश्वर उरांव ने जारी किया आदेश

 

स्वस्थ्य और खाद्य आपूर्ति विभाग में सक्रिय भूमिका निभाएंगे हाजी शकील अहमद


जागता झारखंड संवाददाता सनाउल्लाह अंसारी लोहरदगा :  लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और विभागीय समन्वय को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए विधायक सह पूर्व मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने विधायक प्रतिनिधि की नियुक्ति का आदेश जारी किया है। विगत 17 फरवरी को जारी पत्र के माध्यम से हाजी शकील अहमद, बंगला मोहल्ला, लोहरदगा को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग तथा खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के लिए लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र का विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। जारी पत्र में उपायुक्त, लोहरदगा को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है। विधायक द्वारा की गई इस नियुक्ति को प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि शकील अहमद क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं और आम लोगों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका प्रभावी रही है। अब उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी, अस्पतालों की व्यवस्था, दवा उपलब्धता, राशन वितरण प्रणाली तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में इस नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि इससे विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की मॉनिटरिंग और अधिक सुदृढ़ होगी। लोहरदगा की जनता को उम्मीद है कि नई जिम्मेदारी के साथ विधायक प्रतिनिधि जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करेंगे।

Post a Comment

और नया पुराने