जागता झारखंड संवाददाता सनाउल्लाह अंसारी लोहरदगा : लोहरदगा-गुमला ट्रक ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह ने स्वयं को इंटक का अध्यक्ष बताने वाले आलोक कुमार साहू के दावों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कवलजीत सिंह ने आलोक साहू की वैधानिकता पर सवाल उठाते हुए उन्हें जमीनी हकीकत और अदालती कार्यवाही की याद दिलाई है।
न्यायालय में लंबित है मामला
कवलजीत सिंह ने कहा कि आलोक साहू सोशल मीडिया के जरिए खुद को इंटक अध्यक्ष बताकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं, जबकि उन्हें यह पता होना चाहिए कि इंटक का मामला वर्तमान में व्यवहार न्यायालय और दिल्ली न्यायालय में लंबित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में इंटक दो गुटों में विभाजित है और इस विवाद को सुलझाने का जिम्मा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और मल्लिकार्जुन खरगे के पास है। कवलजीत सिंह ने धीरज प्रसाद साहू (धीरू बाबू) का पुरजोर समर्थन करते हुए उन्हें मजदूरों और आम जनता का सच्चा हितैषी बताया। उन्होंने कहा कि धीरू बाबू को कोई निजी लालच नहीं है। वे हमेशा हक और सम्मान की लड़ाई लड़ते हैं। इसके विपरीत, आलोक साहू अपने आका के इशारे पर मेंढक की तरह टर्रा रहे हैं। ट्रक ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष ने आलोक साहू पर चंदा घोटाले और हिंडाल्को कंपनी को गुमराह करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने पुरानी बातों को याद दिलाते हुए कहा कि कभी आलोक साहू धीरू बाबू की गाड़ी के पीछे बैठने के लिए लालायित रहते थे, लेकिन आज सुखदेव भगत का साथ पाकर वे उन्हीं के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। आलोक साहू खुद पद पर रहेंगे या नहीं यह पहले देख लें। सूरज को ढिबरी दिखाने की कोशिश न करें। उन्होंने कहा कि आलोक साहू बिना मजदूरों के नेता हैं और केवल चमचागिरी की राजनीति करते हैं। उन्होंने मुहावरे का प्रयोग करते हुए कहा कि कुछ लोग जिस थाली में खाते हैं, उसी में छेद करते हैं। जनता और मजदूर सब जानते हैं। अंत में कवलजीत सिंह ने कहा कि आलोक साहू जिन वरिष्ठ संरक्षकों पर उंगली उठा रहे हैं, उनका राजनीतिक करियर 40 साल से अधिक का है। जिले के मजदूर और ट्रक मालिक सच जानते हैं और वे अब किसी के बहकावे में नहीं आने वाले हैं।

.jpg)
.jpg)
एक टिप्पणी भेजें