युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव निर्वाचित हुए विशाल डुंगडुंग



 अनुसूचित जनजाति वर्ग से सर्वाधिक मत पाकर बनाया नया कीर्तिमान


जागता झारखंड संवाददाता: सनाउल्लाह अंसारी, लोहरदगा: लोहरदगा जिले के लिए यह गर्व का अवसर है। झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के हाल ही में संपन्न संगठनात्मक चुनाव में लोहरदगा के युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विशाल डुंगडुंग ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए प्रदेश महासचिव पद पर जीत हासिल की है। उन्हें पूरे झारखंड से कुल 7,170 (सात हजार एक सौ सत्तर) मत प्राप्त हुए। विशेष रूप से उल्लेखनीय यह है कि अनुसूचित जनजाति वर्ग से उन्हें राज्य में सर्वाधिक मत मिले हैं, जो उनके व्यापक जनसमर्थन और संगठनात्मक पकड़ को दर्शाता है।गौरतलब है कि प्रदेश युवा कांग्रेस का सदस्यता अभियान सह संगठनात्मक चुनाव हाल ही में संपन्न हुआ था। इस दौरान प्रदेश महासचिव पद के लिए राज्य भर से लगभग 80 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच विशाल डुंगडुंग ने भारी मतों से विजय प्राप्त कर युवाओं के विश्वास पर खरा उतरने का संदेश दिया है।अपनी जीत के उपरांत विशाल डुंगडुंग ने इस उपलब्धि का श्रेय संगठन, सहयोगियों और मार्गदर्शकों को दिया। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि उन सभी युवाओं की जीत है जो कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल सहित कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के तमाम नेताओं, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट किया।विशाल डुंगडुंग के प्रदेश महासचिव बनने से लोहरदगा समेत पूरे झारखंड में युवा कांग्रेस संगठन को नई मजबूती और ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे युवाओं की बड़ी जीत बताते हुए उनके सफल और प्रभावी कार्यकाल की कामना की है।

Post a Comment

और नया पुराने