हॉकी इंडिया लीग 2025–26 की तैयारियों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण

 


28 दिसंबर से 16 जनवरी तक मोरहाबादी में होगा हॉकी इंडिया लीग का आयोजन

मुजफ्फर हुसैन, जागता झारखण्ड, ब्यूरो राँची :- हॉकी इंडिया लीग 2025–26 का आयोजन दिनांक 28 दिसंबर 2025 से 16 जनवरी 2026 तक रांची के मोरहाबादी स्थित मरंङ गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल एवं सुचारु आयोजन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजंत्री ने आज देर शाम स्टेडियम का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, निदेशक, हॉकी इंडिया बी.एन.भूषण, सीईओ, हॉकी झारखंड रजनीश कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ आयोजन से संबंधित तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने स्टेडियम की मौजूदा व्यवस्थाओं, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों की सुविधाओं, मीडिया व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात तथा लॉजिस्टिक प्रबंधन की समीक्षा की।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि हॉकी इंडिया लीग का आयोजन रांची एवं झारखंड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री द्वारा आवश्यक तैयारियों को सुनिश्चित करने हेतु निम्न निर्देश दिए गए :-

स्टेडियम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था।

प्रतियोगिता अवधि के दौरान यातायात प्रबंधन के लिए सुव्यवस्थित ट्रैफिक प्लान, पार्किंग स्थलों का निर्धारण एवं वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था।

• खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं अतिथियों के लिए आवास, परिवहन, भोजन एवं मेडिकल सुविधा की समुचित व्यवस्था।

• दर्शकों के लिए बैठने, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता।

• मीडिया प्रतिनिधियों के लिए मीडिया सेंटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी एवं सुचारु प्रवेश व्यवस्था।

स्टेडियम एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश।

• किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम, एम्बुलेंस एवं अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, रांची उत्कर्ष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज सहित हॉकी इंडिया के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, मंजूनाथ भजंत्री ने सभी पदाधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने एवं नियमित समीक्षा करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिला प्रशासन रांची, हॉकी इंडिया लीग 2025–26 के सफल आयोजन हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



Post a Comment

और नया पुराने