धतुला मोड़ पर दो बाइकों का चालान, बिना हेलमेट वालों को दी गई सख्ती हिदायत
जागता झारखंड संवाददाता संजय गोस्वामी फतेहपुर जामताड़ा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिंदापाथर थाना क्षेत्र में गुरुवार को सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान जामताड़ा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गोविंदपुर–साहेबगंज स्टेट हाईवे पर स्थित धतुला मोड़ के पास चलाया गया। अभियान का नेतृत्व एसआई बिंदु राम ने किया, जिसमें थाना क्षेत्र के कई पुलिसकर्मी शामिल थे। जांच के दौरान दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहनों को रोका गया और चालकों से वैध दस्तावेजों की जांच की गई। डिक्कियों की भी तलाशी ली गई। जिन वाहन चालकों के पास सभी वैध कागजात थे, उन्हें जाने दिया गया। हालांकि, बिना हेलमेट चलने वाले बाइक चालकों को रोका गया, उन्हें सख्त फटकार लगाई गई और भविष्य में हेलमेट पहनने की सख्त हिदायत दी गई। इस दौरान दो बाइकों का चालान किया गया, जबकि एक बाइक को जब्त भी किया गया। एसआई बिंदु राम ने आम जनता से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की और कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं, हेलमेट पहनकर बाइक चलाने वाले चालकों की सराहना भी की गई और अन्य लोगों को इससे प्रेरणा लेने को कहा गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





एक टिप्पणी भेजें