विद्यालय में शराब पार्टी का आरोप, ग्रामीणों का हंगामा – प्रिंसिपल पर कार्रवाई की मांग"

 शिक्षा का मंदिर बना मयखाना, ग्रामीणों का हंगामा


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा


:जिले के किस्को प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अरेया स्थित राजकीय कृत उत्क्रमित उर्दू उच्च विद्यालय चरहू से शिक्षा को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। रविवार की रात विद्यालय में शिक्षक दिवस के नाम पर चंदा इकठ्ठा कर शराब-मुर्गा पार्टी मनाई गई। ग्रामीणों ने छापेमारी कर आधा दर्जन से अधिक छात्रों को शराब पार्टी करते हुए पकड़ लिया।


ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक भिखराम भगत ने ही छात्रों को क्लासरूम की चाभी उपलब्ध कराई थी। पूछताछ में छात्रों ने भी इस बात को स्वीकार किया। घटना के बाद सोमवार को विद्यालय परिसर में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय मुखिया यशोदा उरांव, प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अहमद खान व प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में एसएमसी पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि आगे से इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय, जहां से कई बच्चों ने अपना भविष्य संवारा है, अब शराब पार्टी का अड्डा बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक दिवस समेत अन्य कार्यक्रमों के नाम पर बच्चों से जबरन चंदा वसूला जाता है और गरीब परिवारों के छात्रों पर परीक्षा से वंचित करने का दबाव बनाया जाता है।


प्रबंधन समिति अध्यक्ष अहमद खान ने भी आरोप लगाया कि विद्यालय में कार्यक्रमों की कोई सूचना नहीं दी जाती और विकास कार्य मनमाने ढंग से होते हैं। विद्यालय में करीब 800 विद्यार्थी नामांकित हैं और 14 शिक्षक कार्यरत हैं।


घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तबादले की मांग की है। उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं प्रधानाध्यापक भिखराम भगत ने आरोपों को निराधार बताया और कहा कि घटना कुछ छात्रों की हरकत थी, जिन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।


Post a Comment

और नया पुराने