झरिया में 200 मीटर लंबे तिरंगे संग निकली विशाल शोभायात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा शहर



जागता झारखंड धनबाद ब्यूरो
झरिया। मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के तत्वावधान में 13 अगस्त को भव्य “विशाल तिरंगा शोभायात्रा” का आयोजन किया गया, जिसने पूरे झरिया शहर को राष्ट्रभक्ति के रंगों में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री श्याम मंदिर, झरिया से हुआ, जहां से हजारों विद्यार्थी, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और नगरवासी तिरंगे की शान के साथ नगर भ्रमण पर निकले। कार्यक्रम के प्रायोजक समाजसेवक सुनील संवारिया थे। मौके पर मारवाड़ी सम्मेलन अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश देवरलिया, श्याम मंदिर समिति अध्यक्ष रघुवीर गोयल, शिशु विहार स्कूल बस्ताकोला की प्राचार्या लोपा मुद्रा मिश्रा, झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण गोयल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने ध्वज वंदन कर कार्यक्रम की शुरुआत की और बच्चों का उत्साह बढ़ाया। कोयलांचल के विभिन्न विद्यालयों किड्स गार्डन झरिया, शिशु विहार बस्ताकोला, जेएसएम डीएवी भागा, मॉडल स्कूल झरिया, बालिका विद्या मंदिर झरिया, यशोमति श्री विद्या निकेतन झरिया, लक्ष्मी देवी सरस्वती शिशु मंदिर झरिया, मारवाड़ी विद्यालय झरिया, विवेकानंद विद्यालय बनियाहीर ने सक्रिय भागीदारी निभाई। शोभायात्रा में इंटर-स्कूल बैंड और झांकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बैंड प्रतियोगिता में प्रथम स्थान विवेकानंद विद्यालय, बनियाहीर को, द्वितीय स्थान मारवाड़ी विद्यालय, झरिया को और तृतीय स्थान मॉडल स्कूल, झरिया को मिला। झांकी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान यशोमति श्री विद्या निकेतन, द्वितीय स्थान बालिका विद्या मंदिर और तृतीय स्थान लक्ष्मी देवी सरस्वती विद्या मंदिर को मिला। “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर स्लोगन प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक तख्तियों के जरिए प्रभावशाली संदेश दिए। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण 200 मीटर लंबा तिरंगा रहा, जिसे केमिस्ट्री सेंटर, झरिया के विद्यार्थियों ने पूरे जोश और गर्व के साथ थामकर नगर भ्रमण किया। रास्ते भर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से माहौल गूंजता रहा। शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारे गौरव, एकता और बलिदान का प्रतीक है और इस आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना प्रज्वलित करना है। सह-संयोजक सन्नी अग्रवाल ने कहा कि आज बच्चों और युवाओं में देखा गया जोश भारत के सुनहरे भविष्य का संदेश देता है। कार्यक्रम का संयोजन किरण शर्मा एवं सन्नी अग्रवाल ने किया। शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः श्री श्याम मंदिर पहुंची, जहां विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। आयोजन में श्री श्याम मंदिर समिति, श्री सत्यनारायण मंदिर समिति, रानी सती मंदिर समिति, मातृ सदन समिति और आँचल फाउंडेशन का विशेष सहयोग रहा, जिन्होंने जलपान और पेय पदार्थ की व्यवस्था कर प्रतिभागियों का उत्साह बनाए रखा। इस भव्य आयोजन ने झरिया में एकता और देशभक्ति की मिसाल पेश की, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।

Post a Comment

और नया पुराने