छात्रा सुनीता कुमारी की मौत पर एनएसयूआई सख्त, निष्पक्ष जाँच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग; न्याय नहीं मिला तो होगा चरणबद्ध आंदोलन

 


जागता झारखंड लोहरदगा:लोहरदगा जिले के किस्को प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा 7 की छात्रा सुनीता कुमारी, पिता तिसर लोहरा, निवासी अगरडीह रनगड़ा की दुखद मृत्यु के मामले में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव ने विद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।16 अक्टूबर को जिला कमेटी के साथ विद्यालय पहुँचकर घटना की जानकारी लेने के बाद 17 अक्टूबर को उन्होंने छात्राओं एवं अभिभावकों से बातचीत की और पीड़ित परिवार के घर पहुँचकर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव ने कहा, “एक गरीब परिवार की मासूम बच्ची की जान चली गई है। यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि परिवार को न्याय दिलाने और घटना की सच्चाई सामने लाने का है। हमारी स्पष्ट मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जाँच हो, विद्यालय प्रशासन और वार्डन की भूमिका की जाँच की जाए तथा जो भी दोषी पाए जाएँ, उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई हो। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाएँ न हों, इसके लिए सभी आवासीय विद्यालयों की व्यवस्था की समीक्षा की जाए। यदि निष्पक्ष जाँच और न्याय सुनिश्चित नहीं किया गया, तो नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया सड़क से सदन तक चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा, समय पर चिकित्सा सुविधा, स्वच्छ भोजन, पेयजल और बेहतर रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करना अनिवार्य है। छात्राओं के साथ भय या दबाव के बजाय संवेदनशील व्यवहार किया जाना चाहिए, ताकि वे अपनी परेशानी बिना किसी हिचकिचाहट के बता सकें। विद्यालय संचालन समिति और जिला निगरानी समिति की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष मनौव्वर आलम ने कहा,कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली बच्चियाँ प्रशासन की जिम्मेदारी हैं। यदि किसी छात्रा की तबीयत खराब होती है, तो समय पर इलाज और अभिभावकों को सूचना देना प्राथमिक कर्तव्य है। इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। एक गरीब परिवार को न्याय दिलाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।एनएसयूआई ने स्पष्ट किया कि संगठन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, उचित मुआवजा सुनिश्चित कराने और विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए संघर्ष जारी रखेगा।इस अवसर पर प्रदेश महासचिव सविता कुमारी, जिला महासचिव आर्यन भगत, पूर्व जिला अध्यक्ष मनौव्वर आलम, बी.एस. कॉलेज अध्यक्ष अनूपा उरांव, कॉलेज सचिव हेमा मिंज सहित अन्य साथी उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने