उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक एवं वरीय पदाधिकारियों के साथ पूजा पंडालों और रावण दहन स्थल का किया निरीक्षण,सुरक्षा मानकों के अनुपालन, विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

 कंपोजिट कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हो रही लाइव मॉनिटरिंग का लिया जायजा


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने रविवार को पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी एवं जिला के वरीय पदाधिकारियों के साथ शहरी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों तथा बक्सीडीपा स्थित रावण दहन स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उपायुक्त ने मैना बगीचा दुर्गा पूजा समिति, माँ अम्बे दुर्गा पूजा समिति बस पड़ाव, माँ चंडी नवयुवक संघ दुर्गा पूजा समिति मिशन चौक, नवयुवक संघ दुर्गा पूजा समिति बीआईडी तथा जय माँ दुर्गा पूजा समिति थाना परिसर, लोहरदगा के पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी पूजा समितियों को सरकार द्वारा निर्धारित सुरक्षा एवं सतर्कता मानकों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

पूजा पंडालों में सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश

उपायुक्त ने पूजा समितियों को पंडाल परिसर में पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने, भीड़ की निरंतर निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुरूप पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से आवश्यक सूचनाओं का प्रसारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की अलग-अलग कतारों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पंडालों में केवल भक्तिमय गीतों का प्रसारण करने को कहा।उन्होंने सभी पूजा समितियों को प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति अथवा विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्या की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।पंडालों में अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से अग्निशामक यंत्र एवं बालू भरी बाल्टियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यक आपातकालीन संपर्क नंबरों को प्रमुखता से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए खुले एवं लटकते विद्युत तारों को व्यवस्थित करने तथा शॉर्ट सर्किट की आशंका को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने का निर्देश दिया। इस संबंध में कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित करें

उपायुक्त ने प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, प्रशिक्षित तैराकों की प्रतिनियुक्ति तथा जल की गहराई वाले स्थानों पर आवश्यक बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। संबंधित दंडाधिकारियों को विसर्जन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों के अनुपालन एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।उन्होंने किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 7004400718 पर तत्काल सूचना देने तथा आवश्यक सहायता प्राप्त करने का निर्देश दिया।

रावण दहन स्थल पर सुरक्षा, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

उपायुक्त ने बक्सीडीपा स्थित रावण दहन स्थल का निरीक्षण कर आयोजन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल को मंच का निर्माण निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने तथा आयोजन स्थल तक जाने वाले मार्ग की मरम्मत का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया।उन्होंने आयोजन स्थल के आसपास निर्धारित पार्किंग स्थलों को चिह्नित कर सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आतिशबाजी के दौरान आमजनों की सुरक्षा के लिए निर्धारित सुरक्षित दूरी के अनुरूप दोहरी बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। रावण, कुंभकर्ण एवं मेघनाद के पुतलों की ऊंचाई एवं आयोजन से संबंधित अन्य सुरक्षा मानकों का भी अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।मेला परिसर में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर रोकथाम के लिए उत्पाद अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं, शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर निर्धारित समयानुसार लागू प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को दिया गया।उपायुक्त ने पूजा पंडालों में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर सतर्कता बरतने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने का निर्देश दिया।

कंपोजिट कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का किया अवलोकन

उपायुक्त ने समाहरणालय भवन में संचालित कंपोजिट कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया तथा शहरी क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान सभी कैमरे क्रियाशील पाए गए तथा उनके माध्यम से शहरी क्षेत्र की निरंतर निगरानी की जा रही थी।निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक, आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, डीएसपी समीर तिर्की, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिव नंदन बड़ाईक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


Post a Comment

और नया पुराने