उपायुक्त समेत जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आज उपायुक्त संदीप कुमार मीना समेत जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने गुदड़ी बाजार स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान देश के स्वतंत्रता आंदोलन एवं राष्ट्र निर्माण में महात्मा गांधी के योगदान के साथ-साथ लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रसेवा तथा ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश को भी स्मरण किया गया।
समाहरणालय मैदान में किया गया श्रमदान
गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत समाहरणालय मैदान में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। उपायुक्त संदीप कुमार मीना के नेतृत्व में जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने स्वयं श्रमदान करते हुए समाहरणालय मैदान की साफ-सफाई की।उपायुक्त ने कहा कि महात्मा गांधी ने जिस स्वच्छ एवं विकसित भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने में स्वच्छता के प्रति प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक दायित्व है। उन्होंने सभी से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
स्वच्छता शपथ लेकर स्वच्छता के प्रति लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा स्वच्छता शपथ भी ली गई। शपथ में महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने, स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहने, गंदगी न करने एवं न करने देने तथा अपने परिवार, मोहल्ले, गांव एवं कार्यस्थल से स्वच्छता की शुरुआत करने का संकल्प लिया गया।साथ ही प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छता के लिए समय देने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया गया। ‘मैं न गंदगी करूंगा, न किसी और को करने दूंगा’ के संदेश के साथ स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।कार्यक्रम के माध्यम से ‘स्वच्छता ही सेवा’ के संदेश को गांव-गांव एवं गली-गली तक पहुंचाने तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।इस मौके पर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार समेत विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।



एक टिप्पणी भेजें