गांधी जयंती पर ग्राम सभाओं में विकास और सामाजिक सरोकारों पर हुई चर्चा



बाल विवाह मुक्त ग्राम, नशामुक्ति, रोजगार और आजीविका को लेकर ग्रामीणों ने लिया संकल्प


जागता झारखंड दुमका ब्यूरो :- गांधी जयंती के अवसर पर आज रानीश्वर प्रखंड की धनबासा, मोहुलबोना, तालडांगाल एवं सालतोला पंचायत में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में पंचायत के विकास, रोजगार, आजीविका, बाल विवाह, नशामुक्ति तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।


ग्राम सभा में बी.वी.जी. राम जी के तहत मजदूरों को अब 125 दिनों के रोजगार की गारंटी से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही पंचायत के विकास के लिए आवश्यक विभिन्न योजनाओं पर चर्चा करते हुए उनके प्रस्ताव तैयार किए गए।


वहीं चेतना विकास एवं ट्रिकल अप इंडिया फाउंडेशन के तत्वावधान में संचालित एमपावर्ड परियोजना के अंतर्गत बाल विवाह मुक्त ग्राम बनाने को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए इसे रोकने के लिए समाज के सभी लोगों की भागीदारी और सामूहिक प्रयास पर जोर दिया गया।


ग्राम सभा में ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और आजीविका के साधनों को मजबूत करने को लेकर भी चर्चा हुई। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के तहत संचालित लखपति दीदी योजना के संबंध में जानकारी दी गई तथा इसे लेकर प्रस्ताव भी रखा गया।


इस अवसर पर ग्रामीणों ने बाल विवाह मुक्त ग्राम बनाने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने और अपने गांव को बाल विवाह एवं नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से मुक्त बनाने में सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई।


सालतोला पंचायत में आयोजित ग्राम सभा में अंचल पदाधिकारी भी शामिल हुईं। इसके अलावा सभी संबंधित पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, पंचायत के विभिन्न कर्मी, जेएसएलपीएस के कर्मचारी, एमपावर्ड परियोजना के क्षेत्रीय कर्मचारी, परियोजना से जुड़ी प्रतिभागी दीदियां तथा विभिन्न गांवों से आए ग्रामीण उपस्थित रहे।


ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों ने पंचायत के विकास, रोजगार के अवसरों में वृद्धि, महिलाओं की आजीविका को मजबूत करने तथा बाल विवाह और नशे जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सामूहिक रूप से कार्य करने का संदेश दिया।



Post a Comment

और नया पुराने