लोहरदगा के खेल,विकास को मिलेगी नई रफ्तार, सीएम हेमंत सोरेन से धीरज प्रसाद साहू ने की मुलाकात


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:रांची में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच लोहरदगा के विकास, खेलकूद के क्षेत्र को बढ़ावा देने, क्रिकेट के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, तैराकी के लिए स्विमिंग पूल निर्माण सहित झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई।मुलाकात के दौरान पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने लोहरदगा में क्रिकेट के विकास से संबंधित प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि लोहरदगा में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए मैदान में फ्लड लाइट लगाने सहित अन्य आवश्यक कार्यों का डीपीआर तैयार कर मुख्यमंत्री को सौंपा गया है। उनका कहना था कि आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने से जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे और लोहरदगा के युवा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।धीरज प्रसाद साहू ने लोहरदगा में तैराकी के क्षेत्र में भी सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने जिले में स्विमिंग पूल निर्माण को लेकर चर्चा की और कहा कि लोहरदगा में तैराकी के प्रति युवाओं और खिलाड़ियों में काफी रुचि है। उचित प्रशिक्षण एवं आधारभूत सुविधाएं मिलने से जिले से बेहतर तैराक तैयार किए जा सकते हैं।पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने मुलाकात के बाद कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोहरदगा के विकास एवं खेलकूद से जुड़े सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना है। उन्होंने क्रिकेट मैदान में फ्लड लाइट सहित अन्य कार्यों के लिए तैयार डीपीआर मुख्यमंत्री को सौंप दिया है। साथ ही स्विमिंग पूल को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन योजनाओं पर जल्द ही कार्य शुरू होगा।वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धीरज प्रसाद साहू को अपना अभिभावक स्वरूप बताते हुए लोहरदगा के खेल और खिलाड़ियों के प्रति अपनी रुचि व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें जानकारी है कि लोहरदगा में तैराकी के क्षेत्र में अच्छी गतिविधियां हो रही हैं। उन्होंने लोहरदगा में तैराकी और वोटिंग से संबंधित वीडियो एवं तस्वीरें भी देखने की बात कही और इसकी सराहना की।मुख्यमंत्री ने लोहरदगा में क्रिकेट के विकास को लेकर भी सकारात्मक रुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट मैदान के विकास से संबंधित डीपीआर उन्हें प्राप्त हो गया है और इस पर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इससे जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने लोहरदगा के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। वहीं झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर अधिवक्ता सचिदानंद चौधरी भी मौजूद रहे।मुलाकात के बाद लोहरदगा के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में जिले में क्रिकेट और तैराकी के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित होंगी। यदि प्रस्तावित योजनाओं को जल्द मंजूरी मिलती है तो इसका सीधा लाभ जिले के युवा खिलाड़ियों को मिलेगा और लोहरदगा की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का नया मंच प्राप्त होगा।

Post a Comment

और नया पुराने