सर्वाइकल कैंसर रोकथाम की दिशा में बड़ा कदम: पाकुड़ की 11 हजार बच्चियों को लगेगा एचपीवी टीका

 


जागता झारखंड पाकुड़ :सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए पाकुड़ जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 11 हजार बच्चियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसको लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।बैठक में उपायुक्त मनीष कुमार ने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रखंड से सीआरपी को नोडल पदाधिकारी तथा प्रत्येक विद्यालय से एक शिक्षक को नोडल बनाया जाए, ताकि टीकाकरण अभियान का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके। 


1अप्रैल से अभियान की शुरुआत, 3 माह तक चलेगा कैंप मोड में

बैठक में जानकारी दी गई कि एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीका सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में प्रभावी है। प्रथम चरण में 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की बच्चियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यह अभियान 01 अप्रैल से प्रारंभ होकर प्रारंभिक तीन माह तक कैंप मोड में संचालित किया जाएगा।

सुरक्षित और प्रभावी है एचपीवी टीका:-उपायुक्त

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने का एक सुरक्षित एवं प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लक्षित आयु वर्ग की शत-प्रतिशत बच्चियों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रशिक्षण, कोल्ड चेन, माइक्रो प्लानिंग, मॉनिटरिंग, लॉजिस्टिक्स, इंजेक्शन सेफ्टी एवं जागरूकता अभियान जैसे सभी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जागरूकता और समन्वय पर विशेष जोर

उपायुक्त ने स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही एचपीवी टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों एवं आशंकाओं को दूर करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने आईसीडीएस के माध्यम से समुदाय स्तर पर मोबिलाइजेशन, विद्यालयों में पेरेंट-टीचर मीटिंग (PTM) आयोजित करने एवं अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए।

प्रखंड स्तर तक होगी सुदृढ़ व्यवस्था

उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में टास्क फोर्स बैठक आयोजित करने, जिला एवं प्रखंड स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा टीकाकरण के दौरान एवं बाद में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी को गंभीर बीमारी से बचाने का सशक्त प्रयास है, जिसे सभी के सहयोग से सफल बनाना आवश्यक है।

Post a Comment

और नया पुराने