जागता झारखंड संवाददाता सनाउल्लाह अंसारी
: सोमवार को पाखर माइंस में हिंडालको कंपनी द्वारा आयोजित "सारथी उत्सव खदान के सिकंदर" कार्यक्रम में झारखंड पठारी चंदवा लोहरदगा ट्रक ओनर एसोसिएशन के संचालन समिति के सदस्यगण शामिल हुए। इस अवसर पर लोहरदगा उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, प्रशासनिक अधिकारी, हिंडालको कंपनी के वरिष्ठ पदाधिकारी बृजेश कुमार झा, शत्रुजीत, अभिषेक तथा मुंबई से आए अन्य अधिकारी व विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
कार्यक्रम की समाप्ति के बाद संचालन समिति ने हिंडालको के अधिकारियों से मुलाकात कर गुरदारी, सेरंगदाग और जालिम माइंस से जुड़ी मुख्य समस्याओं को रखा। ट्रिप न मिलने की समस्या को सबसे महत्वपूर्ण बताया गया। इसके साथ ही ड्राइवरों के लिए पीने के पानी की कमी, टोकन व कांटा से जुड़ी परेशानी, तथा जर्जर सड़कों की दिक्कतों को भी विस्तार से रखा गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
संचालन समिति ने वर्षों से हिंडालको में रैजिंग व ट्रांसपोर्टिंग कार्य कर रही कंपनी एनकेसीपीएल (NKCPL) के रवैये पर भी चिंता व्यक्त की। बताया गया कि जिलों में किसी प्रकार का कार्यालय न होने से ट्रक मालिकों को दिक्कत झेलनी पड़ती है। केवल दो व्यक्तियों द्वारा काम संभालने और प्रति टन चार रुपए कटौती किए जाने से प्रत्येक ट्रक मालिक को प्रति चालान लगभग 40 रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है। अधिकारियों को यह समस्या विस्तार से बतायी गई।
वार्ता के दौरान पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि लोहरदगा में एनकेसीपीएल का कार्यालय जल्द खुलवाया जाएगा और सभी उठाए गए मुद्दों का समाधान शीघ्र किया जाएगा।

.jpg)
एक टिप्पणी भेजें