हजारीबाग पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई, NH-33 पर स्थित 6 होटलों में देह व्यापार का भंडाफोड़ – 17 संचालक गिरफ्तार, होटल सील

 



जागता झारखंड संवाददाता नेमतुल्ला हजारीबाग
। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार देर शाम बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक को लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी कि रांची-पटना एनएच-33 सड़क पर स्थित कई होटल एवं रेस्टोरेंट में अवैध देह व्यापार का धंधा फल-फूल रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) अमित आनंद के नेतृत्व में 6 दंडाधिकारी और 12 पुलिस पदाधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने होटल सिद्धी विनायक, होटल स्पायसी विला, होटल 2-ईंट, होटल वर्णिका, होटल 7-डेज और होटल रुक्मणी पर एक साथ छापेमारी की। रेड के दौरान पुलिस ने पाया कि होटल मालिक और संचालक यौन गतिविधियों के लिए बिना आईडी कार्ड और रजिस्टर संधारित किए, 2-2 घंटे के लिए कमरे उपलब्ध कराते थे। यहां तक कि होटल संचालकों द्वारा ही कंडोम और पिल्स जैसी वस्तुएँ भी ग्राहकों को उपलब्ध कराई जाती थीं। छापेमारी में कुल 30 कपल्स पकड़े गए, जिन्हें उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। वहीं 17 होटल संचालक, मैनेजर और स्टाफ को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटलों से बड़ी संख्या में आपत्तिजनक वस्तुएँ बरामद कीं। इनमें 43 कंडोम, 19 मोबाइल, 16 रजिस्टर, 2 डायरी, 1 लैपटॉप, 50 हजार से अधिक नकद राशि, स्वीफ्ट डिजायर कार और कई रसीदें व स्क्रीनशॉट शामिल हैं। पुलिस ने सभी छह होटलों को अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) के आदेश पर सील कर दिया है। साथ ही, होटल संचालकों और मालिकों के खिलाफ मुफस्सिल थाना कांड संख्या-141/25, दिनांक 20.08.2025 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 के तहत मामला दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।‌ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह का धंधा हजारीबाग जैसे शैक्षणिक जिले के लिए गंभीर खतरा है, क्योंकि यहां आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ पढ़ने आते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह छापेमारी अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, जिसने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है।

Post a Comment

और नया पुराने