झिकरहाटी पूर्वी पंचायत को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार


जागता झारखंड संवाददाता पाकुड़:
जिले के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि झिकरहाटी पूर्वी पंचायत को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार में “महिला हितैषी पंचायत” श्रेणी में पूरे भारतवर्ष में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में झिकरहट्टी पूर्वी पंचायत में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां उपायुक्त शमनीष कुमार ने इस उत्कृष्ट कार्य में योगदान देने वाले पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों, प्रतिनिधियों एवं सक्रिय नागरिकों को सम्मानित किया। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि यह सम्मान जिले के सभी पदाधिकारियों एवं आमजन की सामूहिक मेहनत, समर्पण एवं समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार पंचायतों को सुदृढ़ एवं सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है, जिसका यह सुखद परिणाम है। उन्होंने बताया कि पुरस्कार स्वरूप प्राप्त होने वाली लगभग 75 लाख की राशि का उपयोग पंचायत के समग्र विकास एवं जनहितकारी योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में किया जाएगा। उपायुक्त ने पदाधिकारियों, पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव, पंचायत समिति सदस्यों, वार्ड सदस्यों, स्वयं सहायता समूह (JSLPS) के सदस्यों, सक्रिय महिलाओं एवं सभी स्थानीय नागरिकों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उपायुक्त ने कहा कि यह सफलता एक नई शुरुआत है और अब हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि इस उपलब्धि को और आगे बढ़ाते हुए जिले के अन्य पंचायतों को भी मॉडल पंचायत के रूप में विकसित किया जाए। सामूहिक प्रयास से निश्चित रूप से पूरे जिले में सुदृढ़, समग्र एवं सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित किया जा सकेगा।

Post a Comment

और नया पुराने